Bihar Chunav 2025: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पहली सूची में 57 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। इनमें मंत्री श्रवण कुमार, विजय कुमार चौधरी, महेश्वर हजारी समेत कई दिग्गज नेताओं के नाम शामिल हैं। जदयू के टिकट से अपना नामांकन दाखिल कर चुके अनंत सिंह का भी नाम इस लिस्ट में है। जनता दल यूनाईटेड के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि जदयू की पहली सूची आज जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का चुनाव प्रचार 16 से शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने स्थिति की सही समीक्षा करने के बाद पहली सूची जारी करने का निर्णय लिया है। हमारी दूसरी सूची भी एक-दो दिनों में जारी कर दी जाएगी।
जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। pic.twitter.com/tVX22p0ZxT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 15, 2025
एनडीए पूरी तरह एकजुट है
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अब तक सीट बंटवारे पर फैसला नहीं कर पाया है। एनडीए पूरी तरह एकजुट है और हमारा उद्देश्य नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाना है। बिहार के लोग भी एनडीए की डबल इंजन सरकार का फायदा देख रहे हैं और अब वे पीछे मुड़ कर नहीं देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 16 अक्टूबर से अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगे। आप देखिएगा सीएम नीतीश के इस अभियान से राज्य में एक अलग माहौल देखने को मिलेगा। एनडीए का उद्देश्य है कि बिहार के विकास की रफ्तार को बनाये रखना। मुख्यमंत्री ने एक करोड़ युवाओं को नौकरी या रोजगार देने का जो वादा किया है, उसे पूरा करना। बिहार में जो कई महत्वपूर्ण सिक्स-लेन हाइवे बन रहे हैं, विकास के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहे हैं, उन्हें समय से पूरा करना।
जदयू में किसी तरह मतभेद नहीं
वहीं जदयू में अंदर तनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर किसी भी तरह के मतभेद से इनकार करते हुए कहा कि जदयू में किसी प्रकार की कोई अंदरूनी समस्या नहीं है। पार्टी में जो भी निर्णय लिए जाते हैं, वह नीतीश कुमार की सहमति से ही होते हैं। वह एक लोकतांत्रिक नेता हैं, तानाशाही प्रवृत्ति के नहीं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार की भी कमान संभाले हुए हैं और जदयू की भी कमान संभाले हुए हैं।