उत्तर प्रदेश, राजनीति

लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर तालाब में डाला जहर, कई क्विंटल मछलियां मरीं; कुत्‍ते की भी मौत

लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर तालाब में डाला जहर, कई क्विंटल मछलियां मरीं; कुत्‍ते की भी मौत

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पारा थाना क्षेत्र स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के तालाब में किसी ने जहर डाल दिया। इससे तालाब की मछलियां मर गईं और कई क्विंटल मरी मछलियां तालाब से बाहर निकाली गईं। मरी हुईं मछलियों को खाने से एक कुत्ता भी मर गया। मंदिर के तालाब में जहर डाले जाने से लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने हंगामा किया।

स्‍थानीय लोगों ने कहा कि तालाब में मछलियां उतराती दिखीं। पास में जाकर देखा गया तो सभी मछलियां मर चुकी थीं। इसकी जानकारी नगर निगम को दे दी गई। बावजूद इसके नगर निगम की टीम नहीं पहुंची। लोगों ने खुद ही तालाब से मछलियां निकालीं और बाहर रख दिया। उन्हें खाने से एक कुत्ते की मौत हो गई। इस पर मछलियों को मिट्‌टी में दबाया गया। मछलियां सड़ने लगी हैं। इससे बदबू उठ रही है। इससे बीमारियों के फैलने का खतरा बन रहा है।

मंदिर के तालाब में जहर डालना बेहद शर्मनाक

मौके पर मौजूद फेयरी टेल्स फाउंडेशन की अध्यक्ष नेहा ने बताया कि मंगलवार रात में लगभग 8 बजे किसी ने तालाब में जहर डाल दिया। रातभर में तड़प-तड़पकर मछलियां मर गईं। सुबह इसकी जानकारी हुई तो मछलियों को बाहर निकाला गया। मछलियों को जहर देकर मारा जाना बेहद शर्मनाक घटना है। साथ ही लापरवाही भी उजागर हुई है।

नेहा ने कहा कि तालाब में कोई व्यक्ति जहर डालकर चला गया और किसी ने देखा तक नहीं। इससे सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि इस मंदिर में लोगों की बहुत आस्था है। बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है। तालाब में जहर डालने वाले के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *