नई दिल्ली: सोमवार को मानसून गुजरात और मध्य प्रदेश के खरगोन जिले तक पहुंच गया। महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी मानसून आगे बढ़ा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि अगले दो दिन में मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, MP, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के साथ ही बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और UP में दस्तक दे सकता है। उम्मीद की जा सकती है कि इस हफ्ते के अंत तक मानसून पश्चिमी UP, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों तक पहुंच जाएगा।
मौसम विभाग ने आज गुजरात और सौराष्ट्र में भारी बारिश का रेड, जबकि मध्य प्रदेश-राजस्थान समेत 17 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, सोमवार को बिजली गिरने से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में 19 लोगों की मौत हो गई। राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश अब तेज होने लगी है। मौसम विभाग ने राज्य में 20 जून तक प्री-मानसून की बारिश जारी रहने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी 26 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
तमिलनाडु, पुडुचेरी, विदर्भ, मध्यप्रदेश, बिहार, सिक्किम, ओडिशा, उत्तराखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, केरल, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अगले 2 दिन का मौसम
18 जून: गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बंगाल, सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
19 जून: गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, उत्तराखंड, बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी है। जबकि बिहार, झारखंड, कोंकण गोवा, मध्य महाराष्ट्र, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।