उत्तराखंड, देश-दुनिया, राजनीति

हिमाचल में प्राकृतिक घटनाओं में अब तक 350+ लोगों की मौत, उत्तराखंड में बादल फटा; पंजाब में भी बाढ़

हिमाचल में प्राकृतिक घटनाओं में अब तक 350+ लोगों की मौत, उत्तराखंड में बादल फटा; पंजाब में भी बाढ़

नई दिल्‍ली: इस साल के मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में 24 जुलाई से लेकर 07 अगस्त तक बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड से जुड़ी घटनाओं में 366 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य सरकार को ₹4 लाख करोड़ की संपत्ति का नुकसान भी हुआ है। शिमला में 116% और कुल्लू में 113% बारिश हुई, जो सामान्य से दोगुनी है।

वहीं, भूस्खलन और मलबा गिरने के कारण शिमला-ठियोग-रोहड़ू नेशनल हाईवे-705 पिछले दो दिनों से बंद पड़ा है। इस वजह से करीब 400 वाहन, जिनमें से कई सेब से लदे ट्रक भी शामिल हैं, रास्ते में फंसे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने मौके पर बहाली का काम शुरू कर दिया है, लेकिन लगातार मलबा गिरने से सड़क खोलने में दिक्कतें आ रही हैं। सेब उत्पादकों को भारी नुकसान की आशंका है। इस समय हिमाचल में सेब का सीजन चल रहा है। हाईवे बंद होने से मंडियों तक सेब नहीं पहुंच पा रहे हैं। किसानों को डर है कि देर होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।

पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ से प्रभावित

पंजाब के सभी 23 जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन लुधियाना का ससराली बांध टूटने का खतरा बना हुआ है जो सतलुज नदी पर बना है। इस पर बनाया रिंग बांध भी कटने लगा है।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के नौगांव में शनिवार शाम को बादल फटा। बाजार और कई घरों में पानी-मलबा घुस गया। सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां भी बह गईं। उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी शहर से 1 किमी दूर तक पहुंच गई है। घाट किनारे के आश्रमों में 5 फीट तक पानी भरा है। वृंदावन परिक्रमा मार्ग पानी में डूबा है।

गुजरात और राजस्थान में बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में बारिश का रेड अलर्ट, गोवा में ऑरेंज और MP-बिहार समेत 20 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है।

वैष्णो देवी यात्रा लगातार 13वें स्थगित

जम्मू-कश्मीर के कटरा में वैष्णो देवी यात्रा 13वें दिन भी स्थगित रही। 26 अगस्त को अर्धकुवारी के पास यात्रा मार्ग पर हुई लैंडस्लाइड के बाद से यात्रा बंद है। इस घटना में 34 लोगों की मौत हुई है। वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिया है।

कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी खतरे के निशान से नीचे आई

शाहाबाद में मारकंडा नदी में आज सुबह 6 बजे तक 22 हजार 140 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। अब मारकंडा खतरे के निशान 256 मीटर से 0.15 मीटर नीचे बह रही है। गेज रीडर कश्मीर सिंह के मुताबिक, शनिवार को काला अंब से करीब 18 हजार क्यूसेक पानी रिलीज हुआ है। इससे शाहाबाद में मारकंडा में मामूली-सा पानी बढ़ गया। रात 10 बजे तक मारकंडा में 22 हजार 53 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया था। सुबह तक 8 घंटे में मात्र 87 क्यूसेक पानी बढ़ा है।​​​

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *