वाराणसी: वाराणसी में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत ‘संडे फॉर साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें हजारों छात्र-छात्राओं, युवा प्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी शिरकत की और खुद साइकिल चलाकर युवाओं को फिटनेस और नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया। उनके साथ खेल राज्य मंत्री, कई कैबिनेट मंत्री तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी एक साथ साइकिल चलाई, जिससे कार्यक्रम का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कार्यक्रम की शुरुआत हरि झंडी दिखाकर की। उन्होंने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा देश के विकास के लिए स्वस्थ और नशा मुक्त युवा आवश्यक हैं। आज हमने ‘संडे फॉर साइकिल’ के तहत यह संकल्प लिया है कि हर रविवार एक घंटा साइकिल चलाएंगे। इससे न सिर्फ शरीर स्वस्थ रहेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।
नशामुक्ति जागरूकता को बनाएंगे जन आंदोलन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी को परिवर्तनकर्ता के रूप में देखा जाना चाहिए। मादक द्रव्यों का सेवन युवाओं के सामने सबसे बड़े खतरों में से एक है। यह राष्ट्रीय प्रगति के लिए एक गंभीर चुनौती है। इसके लिए जागरूकता जरूरी है। एक शिविर या सीमित प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसे जन आंदोलन बनाने की जरूरत है। प्रत्येक नागरिक कम से कम पांच अन्य लोगों को नशा विरोधी अभियान में शामिल करे, तभी अभियान को गति मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त, 2022 को लाल किले से भारत के 76वें स्वतंत्रता दिवस के संबोधन के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत काल के पंच प्राण के माध्यम से अगले 25 वर्षों के लिए अपना दृष्टिकोण साझा किया था। इस बात पर जोर दिया था कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी क्योंकि देश की 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है।